
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे में केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अक्टूबर को सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोरखपुर में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में वंशिका तिवारी ने प्रथम, फरहीन ने द्वितीय और अभिनव सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को उप मुख्य सतर्कता अधिकारियों ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस तरह की प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सत्यनिष्ठा अपनाने तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/विद्युत अजय ऋषि, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/यांत्रिक निकुंज सक्सेना, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी/यातायात आशीष कुमार त्रिपाठी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य सूरज सिंह रावत सहित सतर्कता विभाग के निरीक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पूर्वोत्तर रेलवे में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह के माध्यम से कर्मचारियों और विद्यार्थियों को ईमानदारी, जवाबदेही तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।


