
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच रेलकर्मियों को सितंबर 2026 के लिए ‘स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ’ संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों को नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
सम्मानित होने वाले कर्मचारियों में शानू यादव, वरिष्ठ गाड़ी प्रबंधक (माल), गोंडा; अटल कुमार शुक्ला, कॉटावाला, मैजापुर; दिनेश कुमार एबी, मुख्य लोको निरीक्षक, सीतापुर; सावन कुमार गुप्ता, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (विद्युत सामान्य), सीतापुर तथा प्रवीण कुमार, टेक्नीशियन-द्वितीय, गोरखपुर शामिल हैं। इन कर्मचारियों ने सतर्कता, समयबद्धता और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के माध्यम से रेल सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। कर्मचारियों की सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करने की प्रवृत्ति दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा रेल परिचालन को सुरक्षित बनाने में सहायक होती है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि सम्मानित कर्मचारियों की उपलब्धि अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और सभी कर्मचारी इसी लगन एवं निष्ठा के साथ रेल संचालन को अधिक सुरक्षित और सुदृढ़ बनाने में योगदान देते रहेंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/कैरेज एंड वैगन/समन्वय निलेश सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रजत प्रताप सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/सामान्य जे.एन. गुप्ता और वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/ऑपरेशन ए.के. श्रीवास्तव सहित अन्य रेलकर्मी उपस्थित रहे।
रेलवे प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की यह पहल संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कर्मचारियों का मनोबल मजबूत करने और सुरक्षित रेल संचालन की संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
