
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : एएमसी सेंटर में आयोजित एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-222 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक (एडीजी) मेजर जनरल गौरव गौतम, विशिष्ट सेवा मेडल ने 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के शिविर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करीब 500 बालिका कैडेट्स के प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण कर उनके प्रदर्शन की सराहना की।

कार्यक्रम की शुरुआत में शिविर कमांडेंट कर्नल दिनेश कुमार पाठक ने अधिकारियों और स्टाफ का परिचय कराया। इसके बाद कैडेट्स ने एडीजी को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। कैडेट्स ने सेक्शन फॉर्मेशन के तहत ‘फायर एंड मूव’ का प्रदर्शन किया। स्क्वॉड ड्रिल के माध्यम से उन्होंने अनुशासन, समन्वय और प्रशिक्षण कौशल का परिचय दिया।
कैडेट्स को संबोधित करते हुए मेजर जनरल गौरव गौतम ने महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

एडीजी ने कैडेट्स से व्यक्तिगत संवाद कर एनसीसी प्रशिक्षण, शैक्षणिक विषयों और नेतृत्व से जुड़े सवाल पूछे। कैडेट्स के ज्ञान और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर उन्होंने उनकी सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन और संतोषजनक जवाब देने वाली कई कैडेट्स को नकद पुरस्कार, उपहार और मेडल प्रदान किए गए।

शिविर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी उन्होंने अवलोकन किया। विभिन्न प्रस्तुतियों के बाद प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और मेडल देकर प्रोत्साहित किया। कैडेट्स के साथ हाथ मिलाकर, फोटो और सेल्फी लेकर उन्होंने उनका उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर लखनऊ ग्रुप मुख्यालय के डिप्टी कमांडर कर्नल अभिषेक सिंह गौतम भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण गतिविधियों और कैडेट्स के प्रदर्शन की सराहना की।

एडीजी का यह दौरा बालिका कैडेट्स के लिए प्रेरणादायी रहा। कार्यक्रम ने अनुशासन, चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास, राष्ट्रीय एकता और महिला सशक्तीकरण के प्रति एनसीसी की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

