
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति अभियान’ के अंतर्गत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से एक विस्मयकारी व प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) काकोरी की चार मेधावी छात्राओं ने मध्याह्न भोजन प्राधिकरण (MDM) मुख्यालय पहुंचकर शीर्ष प्रशासनिक दायित्वों का सांकेतिक निर्वहन किया।
मुस्कान, सरिता, साक्षी और राधिका ने निदेशक की आसंदी से जारी किया कड़ा विधिक आदेश
सांकेतिक पदभार ग्रहण कार्यक्रम के तहत केजीबीवी काकोरी की होनहार छात्रा मुस्कान, सरिता, साक्षी और राधिका ने एक दिन की निदेशक की आसंदी संभालते हुए विभागीय कार्यकलापों की गहन समीक्षा की। इन नन्हीं निदेशकों ने एक कुशल प्रशासक की भांति प्रदेश के समस्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए एक महत्वपूर्ण शासकीय आदेश भी जारी किया। अपने विधिक आदेश में उन्होंने निर्देशित किया कि प्रदेश के समस्त परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के किचन शेड में स्वच्छता के उच्चतम मानक सुनिश्चित किए जाएं, मेन्यू में पोषक तत्वों की प्रचुरता रखी जाए तथा खाना पकाने वाली रसोइयों को स्वच्छता का विशेष प्रशिक्षण दिया जाए।

पूरे प्रदेश के स्कूल किचनों में कल से चलेगा विशेष महाअभियान
मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक प्रेमरंजन सिंह विशेष रूप से इस अवसर पर उपस्थित रहे और उन्होंने बेटियों के आत्मविश्वास व प्रशासनिक विजन की मुक्तकंठ से सराहना की। निदेशक प्रेमरंजन सिंह ने घोषणा की कि नन्हीं निदेशकों द्वारा जारी स्वच्छता व पोषण संबंधी विधिक आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके तहत पूरे उत्तर प्रदेश के विद्यालयीय किचनों में एक विशेष वृहद सफाई अभियान शुरू किया जा रहा है, जिससे नौनिहालों को पूरी तरह सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
