
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : गांधी जयंती के पावन अवसर पर दो अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की समस्त ग्राम सभाओं में विशेष प्रशासनिक बैठकों के बीच ‘विकसित ग्राम पंचायत प्लान व रिफार्म उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेशभर में विकसित भारत-जी राम जी (VB-GRAM JI) योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए ग्रामीणों को इसके क्रांतिकारी और कल्याणकारी विधिक प्रावधानों से रूबरू कराया गया।
मौर्य के निर्देशों पर नोडल अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार संपूर्ण प्रदेश में इन बैठकों का सफल संचालन कराया गया। आयुक्त ग्राम विकास विभाग प्रमोद कुमार उपाध्याय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDOs) ने इन विशेष ग्राम सभाओं की कमान संभाली। योजनाओं की प्रगति का जमीनी स्तर पर अनुश्रवण करने के लिए प्रमुख सचिव (ग्राम्य विकास विभाग) द्वारा नामित नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित जिलों में सेवा संकल्प अभियान के तहत औचक निरीक्षण भी किया, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट वे शासन को सौंपेंगे।

15 दिन में काम न मिलने पर मिलेगा बेरोजगारी भत्ता
ग्राम पंचायतों में आयोजित इन उत्सव बैठकों के दौरान पंचायत सचिवों ने ग्रामीणों को ‘वीबी-जी राम जी’ अधिनियम की मुख्य विशेषताओं के प्रति जागरूक किया। इसके अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को अब प्रति वर्ष 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के सुनिश्चित रोजगार की विधिक गारंटी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही, काम की मांग करने के 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध न होने पर बेरोजगारी भत्ता तथा मजदूरी भुगतान में विलंब होने पर सीधे आर्थिक क्षतिपूर्ति का कड़ा प्रावधान लागू किया गया है।

अब विकसित ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) के तहत गाँव की वास्तविक भौगोलिक आवश्यकताओं के आधार पर कुल 375 प्रकार के स्वीकृत टिकाऊ कार्यों का स्वतंत्र चयन किया जा सकेगा। इस ऐतिहासिक सुधार उत्सव में लाखों ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता कर अपनी ग्राम पंचायत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया।