बीबीएयू में ‘स्वच्छता ही सेवा’ शिविर संपन्न; डॉ. विकास श्रीवास्तव एवं डॉ. रवि वर्मा ने सफ़ाई मित्रों को दी बेहतर स्वास्थ्य की सीख

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के स्वास्थ्य केंद्र द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय परिवार के सभी घटकों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित चिकित्सीय जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

इस स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन में विश्वविद्यालय के स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. विकास श्रीवास्तव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा विशेष रूप से अग्रिम पंक्ति के सफाई सेवकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों की टीम ने सभी का ब्लड प्रेशर, वजन व अन्य बुनियादी स्वास्थ्य मानकों को परखा।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. रवि शंकर वर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता का दायरा केवल बाहरी वातावरण को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारा आंतरिक शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य भी इसका एक अभिन्न हिस्सा है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास श्रीवास्तव ने व्यस्त दिनचर्या के बीच व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और समय-समय पर प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप कराने पर विशेष बल दिया ताकि कार्यक्षमता को बेहतर बनाया जा सके। इस पहल के माध्यम से पूरे विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक बनाने का एक सशक्त संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button