बीबीएयू में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर संपन्न; विश्व हृदय दिवस पर एसजीपीजीआईएमएस के सहयोग से युवाओं ने पेश की मिसाल

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के स्वास्थ्य केंद्र द्वारा संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS) के ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के संयुक्त सहयोग से मंगलवार को एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर विश्व हृदय दिवस एवं आगामी राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस (1 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के कुशल दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ।

छात्राओं ने बढ़-चढ़कर किया स्वैच्छिक रक्तदान
शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके जीवन-रक्षक महत्व का संदेश समाज में प्रसारित करना रहा। विश्वविद्यालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. विकास श्रीवास्तव के नेतृत्व में चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। शिविर में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से विश्वविद्यालय की छात्राओं ने अत्यधिक संख्या में आगे आकर रक्तदान किया और मानवीय संवेदना व सामाजिक जिम्मेदारी की एक अनूठी मिसाल पेश की।

एसजीपीजीआई की टीम ने संभाली कमान
एसजीपीजीआईएमएस के ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग की विशेषज्ञ टीम द्वारा रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच, हीमोग्लोबिन स्तर और चिकित्सकीय सावधानियों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया। इस पुनीत स्वास्थ्य पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय ने न केवल स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा दिया, बल्कि हृदय स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जनमानस को जागरूक किया।

Related Articles

Back to top button