चित्रकूट में ‘माय भारत’ के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण का शुभारंभ; 7 जिलों के 50 युवा ले रहे भाग

एसबीएसएस, चित्रकूट: माय भारत (MY Bharat) रीवा के तत्वावधान में रीवा संभाग के सात जिलों के चयनित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों का छह दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण सोमवार, 21 सितंबर 2026 से दीनदयाल शोध संस्थान के उद्यमिता विद्यापीठ (डॉ. राम मनोहर लोहिया सभागार) में शुरू हो गया है . इस व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम में रीवा, सतना, सीधी, पन्ना, सिंगरौली, मैहर और मऊगंज जिलों से चयनित 50 राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सहभागिता कर रहे हैं .

व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण पर जोर
उद्घाटन सत्र का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रामनारायण त्रिपाठी (गायत्री शक्तिपीठ) और विशिष्ट अतिथि श्री मनोज सैनी (संयोजक, उद्यमिता विद्यापीठ) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ . इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी कुलदीप सिंह ने प्रशिक्षण की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण किट वितरित की . उन्होंने बताया कि छह दिनों तक चलने वाले इस सत्र में युवाओं की नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा .

चित्रकूट की पावन भूमि से मिला सेवा का संदेश
विशिष्ट अतिथि श्री मनोज सैनी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि चित्रकूट सदैव से साधना और सेवा की भूमि रही है . उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण में सीखे गए ज्ञान को समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए उपयोग करने का आह्वान किया . मुख्य अतिथि डॉ. रामनारायण त्रिपाठी ने कहा कि युवा ही राष्ट्र के वास्तविक निर्माता हैं और उनकी ऊर्जा को सही रचनात्मक दिशा देना देश के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है .

इस आवासीय प्रशिक्षण के दौरान बौद्धिक सत्रों के अलावा योग, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रमदान और समूह गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं में टीम भावना और अनुशासन का विकास होगा . कार्यक्रम के अंत में माय भारत सतना के ए.पी.एस महेश द्विवेदी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया .

Related Articles

Back to top button