
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधरी की अध्यक्षता में मंडल चिकित्सालय वाराणसी में “प्रैक्टिसिंग लिपिड लोअरिंग” (Practicing Lipid Lowering) विषय पर एक दिवसीय कंटिन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (CME) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया [20-09-2026]। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों को हृदय रोगों की रोकथाम, आधुनिक लिपिड प्रबंधन और नवीनतम उपचार पद्धतियों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आर. आर. सिंह के परिचयात्मक संबोधन से हुआ। इस शैक्षिक सत्र में एआरसी प्लस सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के निदेशक एवं प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित श्रीवास्तव ने “इन्क्लिसिरन: द गेम चेंजर इन सीएडी” (Inclisiran: The Game Changer in CAD) विषय पर अपना व्यावहारिक व्याख्यान दिया। उन्होंने कोरोनरी आर्टरी डिजीज (CAD) में लिपिड प्रबंधन और इन्क्लिसिरन दवा की क्रांतिकारी भूमिका पर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक तथ्य साझा किए।
इस अवसर पर आयोजित एक इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र में चिकित्सकों ने कार्डियोवैस्कुलर रिस्क मैनेजमेंट और हृदय रोगों की रोकथाम से संबंधित व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की। इस गरिमामयी सेमिनार में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिका शुक्ला और अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना दुबे सहित चिकित्सालय के कई डॉक्टर उपस्थित रहे। समापन पर डॉ. चौधरी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
