बीबीएयू में टीबी मरीजों को वितरित की गईं पोषण पोटलियां

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में गुरुवार 17 सितंबर को टीबी मरीजों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेशव्यापी यह अभियान राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के दिशा-निर्देशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर शुरू किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस अवसर पर डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, डॉ. रवि शंकर वर्मा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास श्रीवास्तव सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं टीबी मरीज मौजूद रहे।

अभियान के तहत विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग दिया, जिससे आवश्यक पोषण सामग्री खरीदकर पोटलियां तैयार की गईं। कुलपति ने कहा कि टीबी से लड़ाई में चिकित्सा उपचार के साथ मरीजों के पोषण और मानसिक संबल पर ध्यान देना भी जरूरी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से जनकल्याणकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

विश्वविद्यालय के अनुसार, टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण का अभियान आगामी छह माह तक जारी रहेगा। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को निरंतर पोषण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button