रेल यात्रियों में तेजी से लोकप्रिय हो रहा ‘रेल वन’ ऐप, अनारक्षित टिकट बुकिंग में बढ़ी हिस्सेदारी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : भारतीय रेलवे की डिजिटल पहल ‘रेल वन’ ऐप जम्मू मंडल के यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यात्रियों द्वारा मोबाइल फोन से अनारक्षित टिकट बुक करने के प्रति बढ़ती रुचि से टिकट काउंटरों पर निर्भरता कम होने लगी है। इससे यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिलने के साथ समय की भी बचत हो रही है।

सोमवार 14 सितंबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, जम्मू मंडल के एनएसजी-1 से 3 श्रेणी के प्रमुख स्टेशनों पर करीब 17 प्रतिशत यात्रियों ने अनारक्षित टिकट ‘रेल वन’ ऐप के माध्यम से बुक किए। वहीं एनएसजी-4 से 6 श्रेणी के स्टेशनों पर ऐप के जरिए टिकट बुक करने वाले यात्रियों की हिस्सेदारी करीब 28 प्रतिशत रही। रेलवे के अनुसार, ये आंकड़े यात्रियों के बीच डिजिटल टिकटिंग की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाते हैं।

यात्रियों को ऐप अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेलवे ने आर-वॉलेट के माध्यम से टिकट बुकिंग पर विशेष सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत आर-वॉलेट में राशि रिचार्ज कर टिकट बुक करने पर रिचार्ज राशि पर 3 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है। इससे डिजिटल टिकटिंग यात्रियों के लिए सुविधाजनक होने के साथ आर्थिक रूप से भी लाभकारी बन रही है।

‘रेल वन’ को भारतीय रेलवे का सुपर ऐप कहा जाता है। इसके माध्यम से यात्री अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग के अलावा आरक्षित टिकट, पीएनआर स्थिति, ट्रेन की लाइव स्थिति, कोच की जानकारी तथा आगमन-प्रस्थान का समय देख सकते हैं। रेल मदद के जरिए शिकायत और सुझाव दर्ज करने के साथ ई-कैटरिंग से ट्रेन में भोजन भी मंगाया जा सकता है।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल ने यात्रियों से ‘रेल वन’ ऐप का अधिकाधिक उपयोग करने तथा परिवार, मित्रों और सहयात्रियों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की है। रेलवे का मानना है कि डिजिटल टिकटिंग के विस्तार से स्टेशनों पर भीड़ कम होगी और यात्रियों की रेल यात्रा अधिक सुगम, त्वरित एवं पेपरलेस बनेगी।

Related Articles

Back to top button