
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू मंडल के इतिहास में पहली बार मंडल के एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक सीमेंट की सफलतापूर्वक लोडिंग और ढुलाई की गई। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (BDU) के प्रयासों से 14 सितंबर 2026 को शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन से अनंतनाग गुड्स शेड के लिए सीमेंट की पहली खेप रवाना हुई।
गणपति सीमेंट, कठुआ द्वारा बुक की गई इस खेप में एक बीसीएन वैगन में करीब 66 टन वजन के 1320 बैग सीमेंट लोड किए गए। इससे पहले इस प्रकार की निर्माण सामग्री सड़क मार्ग से कश्मीर घाटी भेजी जाती थी। जम्मू मंडल में पहली बार सीमेंट के आउटवर्ड लदान की शुरुआत को रेलवे के माल यातायात के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में रेल माल ढुलाई के क्षेत्र में नया मील का पत्थर स्थापित हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले कठुआ और अनंतनाग जैसे प्रमुख रेल परिसरों में सीमेंट केवल इनवर्ड ट्रैफिक के रूप में प्राप्त होता था। अब आउटवर्ड लदान शुरू होने से स्थानीय उद्योगों का रेलवे पर भरोसा बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि यह पहल निर्माण सामग्री की किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल आपूर्ति सुनिश्चित करेगी तथा रेलवे के माल राजस्व में वृद्धि करेगी। भविष्य में और व्यापारियों व संगठनों को रेल परिवहन से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।