बीबीएयू के 11वें दीक्षांत समारोह में निर्धारित हुआ ड्रेस कोड, 27 व 28 अगस्त को विश्वविद्यालय द्वारा वितरित होगा “अंगवस्त्रम”

अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के 11वें दीक्षांत समारोह-2026 का आयोजन शनिवार 29 अगस्त 2026 को किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड एवं अंगवस्त्रम से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले छात्रों के लिए क्रीम (व्हाइटिश) रंग का कुर्ता-पायजामा तथा छात्राओं के लिए क्रीम (व्हाइटिश) रंग की कुर्ती-सलवार/चूड़ीदार अथवा साड़ी निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों से निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करते हुए दीक्षांत समारोह में उपस्थित होने की अपील की गई है।

समारोह के लिए विद्यार्थियों को अंगवस्त्रम विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। अंगवस्त्रम का वितरण 27 एवं 28 अगस्त 2026 को किया जाएगा। दोनों दिन विद्यार्थियों को अंगवस्त्रम प्राप्त करने के लिए प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। अंगवस्त्रम प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित आवेदन पत्र (Application Form) भरना होगा। आवेदन पत्र भरने के पश्चात निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विद्यार्थी अपना अंगवस्त्रम प्राप्त कर सकेंगे।

दीक्षांत समारोह के उपरांत अंगवस्त्रम विश्वविद्यालय को वापस करना अनिवार्य होगा। इसके लिए 29 अगस्त को दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक तथा 30 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक अंगवस्त्रम जमा करने का समय निर्धारित किया गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करें तथा अंगवस्त्रम के वितरण एवं वापसी के लिए निर्धारित तिथियों और समय का विशेष रूप से ध्यान रखें, ताकि दीक्षांत समारोह की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

Related Articles

Back to top button