
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) की नई वेबसाइट को आधुनिक डिजिटल तकनीक एवं केंद्रीकृत डेटाबेस प्रणाली के साथ विकसित किया गया है। विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में कम्प्यूटर साइंस विभाग द्वारा तैयार की गयी है, जो शीघ्र ही लॉन्च की जाएगी। नई वेबसाइट का उद्देश्य विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक सूचनाओं को अधिक व्यवस्थित, सुलभ और पारदर्शी बनाना है।
नई वेबसाइट को एक आधुनिक बैकएंड प्रणाली के रूप में विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विभिन्न प्रशासनिक कार्यालय अपने-अपने स्तर पर संबंधित सूचनाओं को स्वयं अपडेट और प्रबंधित कर सकेंगे। प्रत्येक शिक्षक को एक विशिष्ट लॉगिन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से वे अपनी शैक्षणिक प्रोफाइल, शोध प्रकाशन, परियोजनाएं, पेटेंट, उपलब्धियां तथा अन्य व्यावसायिक जानकारी को अपडेट कर सकेंगे। शिक्षक द्वारा किए गए अपडेट संबंधित शिक्षक की प्रोफाइल के साथ-साथ विभाग के पेज पर भी तत्काल प्रदर्शित होंगे।
कम्प्यूटर साइंस विभाग के प्रो. संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट को पूरी तरह से इन-हाउस विकसित किया गया है, जिसमें इसके डिजाइन, तकनीकी संरचना और विभिन्न सुविधाओं के विकास का कार्य विश्वविद्यालय की अपनी टीम द्वारा किया गया है।
इस वेबसाईट के माध्यम से विभागाध्यक्षों, डीन, निदेशकों, परीक्षा नियंत्रक, प्रॉक्टर, कुलसचिव, अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले तथा अन्य अधिकृत अधिकारियों को अलग-अलग लॉगिन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके माध्यम से वे अपने संबंधित विभागों, स्कूलों, केन्द्रों एवं प्रशासनिक अनुभागों की सूचनाओं को प्रबंधित एवं अपडेट कर सकेंगे। केंद्रीकृत डेटाबेस के माध्यम से विभागीय एवं संस्थागत सूचनाएं वेबसाइट पर विभिन्न स्थानों पर स्वतः व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित होंगी।
नई व्यवस्था से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सूचनाओं को कुछ ही क्लिक में खोजने, फिल्टर करने और प्राप्त करने में सुविधा होगी। साथ ही, यह प्रणाली विश्वविद्यालय को नैक, एनआईआरएफ तथा अन्य मान्यता, रैंकिंग एवं संस्थागत रिपोर्टिंग से संबंधित आंकड़ों के संकलन और प्रस्तुतीकरण में भी महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेगी।
नई वेबसाइट की प्रमुख विशेषताओं में स्व-प्रबंधित शिक्षक प्रोफाइल एवं व्यक्तिगत पेज, ORCID इंटीग्रेशन, ईआरपी एडमिन पोर्टल, व्यापक रिसर्च पोर्टल, स्कूल एवं विभागों तथा केन्द्रों के लिए समर्पित पेज, प्रोग्राम नेविगेटर एवं एडमिशन पोर्टल, एकीकृत नोटिस एवं घोषणा प्रणाली, ऑनलाइन शिकायत, शिकायत निवारण एवं फीडबैक पोर्टल शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त वेबसाइट को सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO) के अनुरूप विकसित किया गया है, जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध संबंधी सूचनाओं की ऑनलाइन दृश्यता और पहुंच बेहतर होगी। वेबसाइट को पूरी तरह रेस्पॉन्सिव एवं मोबाइल-फ्रेंडली बनाया गया है, जिससे विद्यार्थी, शिक्षक, शोधार्थी, अभिभावक एवं अन्य हितधारक मोबाइल फोन सहित विभिन्न उपकरणों पर आसानी से इसका उपयोग कर सकेंगे।
नई वेबसाइट के माध्यम से बीबीएयू की डिजिटल सूचना प्रणाली को अधिक एकीकृत, प्रभावी और उपयोगकर्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यह व्यवस्था विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं के बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ डिजिटल पारदर्शिता और संस्थागत दक्षता को भी मजबूत करेगी।