
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा गोरखपुर परिक्षेत्र के रेल कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित भ्रमण शिविर में ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत 49 रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
गोरखपुर के प्रतिभागीयों ने अयोध्याधाम पहुंचकर सर्वप्रथम नव-निर्मित भव्य श्री राम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में बजरंग बली का आशीर्वाद प्राप्त किया। भ्रमण के दौरान कर्मचारियों ने लता चौक एवं पवित्र सरयू नदी के तट पर स्थित राम घाट का भी दर्शन किया। सरयू तट के शांत वातावरण ने सभी को आत्मिक शांति प्रदान की। भ्रमण के दौरान कर्मचारियों ने अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक महत्व एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का गहन अनुभव किया। प्रतिभागियों ने बताया कि व्यस्त कार्य जीवन के बीच इस प्रकार का भ्रमण उन्हें नई ऊर्जा और सकारात्मकता से भर देता है।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि रेलकर्मियों के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक उत्थान तथा मानसिक सुकून को ध्यान में रखते हुए, इस शिविर को आयोजित किया गया। मण्डल प्रशासन कर्मचारियों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन अन्य परिक्षेत्रों में भी किया जाएगा।