
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल के मानव संसाधन विकास केंद्र, भोपाल में आयोजित प्रथम प्रबंधन विकास कार्यक्रम 01/2026 का समापन आज गरिमामय वातावरण में रानीकमलापति में स्थित ऑडिटोरियम हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन सत्र की अध्यक्षता पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने की। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक नीरज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक भोपाल पंकज त्यागी, मुख्य कारखाना प्रबंधक सीआरडब्लूएस भोपाल प्रफुल्ल वी. कोहाड़े एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक सिंह ने कहा कि भारतीय रेल केवल एक परिवहन व्यवस्था नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के विश्वास की जीवनरेखा है। रेलवे के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के निर्णय और कार्य का प्रभाव सीधे समाज पर पड़ता है, इसलिए कार्य संस्कृति में ईमानदारी, पारदर्शिता, संवेदनशीलता तथा जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसी भी अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए केवल तकनीकी दक्षता पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों, प्रभावी संवाद, टीम भावना तथा निरंतर सीखने की प्रवृत्ति भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तकनीक से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय उसे सहयोगी बनाकर परिवर्तन का नेतृत्व करना समय की आवश्यकता है।
सिंह ने संगठन में टीमवर्क की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि असाधारण परिणाम कभी अकेला व्यक्ति नहीं देता, बल्कि समर्पित टीम मिलकर प्राप्त करती है। उन्होंने अधिकारियों से “मैं” से आगे बढ़कर “हम” की भावना को कार्य संस्कृति का आधार बनाने का आह्वान किया। महाप्रबंधक ने सुरक्षा को रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि एक सशक्त संगठनात्मक संस्कृति है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नेतृत्व एवं नैतिक मूल्यों, कार्मिक प्रबंधन, भंडार एवं निवेश नियोजन, लोक प्रशासन में नैतिकता, तनाव प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली, आपदा प्रबंधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा पर्यावरण एवं ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त अध्ययन भ्रमण, समूह चर्चा एवं अनुभव साझा सत्रों का भी आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता एवं प्रबंधन संबंधी कौशल विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया। महाप्रबंधक ने सभी 41 प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई देते हुए उनसे अपने कार्यस्थलों पर लौटकर कम-से-कम तीन सकारात्मक बदलाव अपने कार्य व्यवहार में लागू करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। महाप्रबंधक ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशिक्षकों, अधिकारियों, समन्वयकों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।
उपमहाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रेषित की गई एवं अंत में धनराज सिंह उपमुख्य सतर्कता अधिकारी के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन देकर इस प्रथम प्रबंधन विकास कार्यक्रम 01/2026 का समापन किया गया।
