
अशोक यादव, लखनऊ : अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर श्रीमती अनामिका यादव ने भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा जेन – जी छात्र-छात्राओं, युवाओं के विरूद्ध अपमानजनक, घटिया, जनभावनाओं को आहत करने वाले बयान दिये गये बयान के खिलाफ शनिवार मध्यान्ह थाना हुसैनगंज पहुंचकर कंगना रनौत पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
श्रीमती अनामिका यादव द्वारा थानाध्यक्ष हुसैनगंज को दी गयी तहरीर में कहा है कि जंतर-मंतर, नई दिल्ली पर नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के संबंध में दिनांक 30-07-2026, को भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा एक सार्वजनिक बयान दिया गया जो विभिन्न समाचार माध्यमों एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। उक्त बयान में प्रदर्शन कर रहे युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं नई पीढ़ी के संबंध में अपमानजनक टिप्पणियां की गईं तथा हमारे देश की बेटियों को गटर जनरेशन कहा गया। इतना ही नहीं कंगना रनौत ने उन जेन जी बेटियों के माता-पिता को भी अपमानित करते हुए कहा कि कौन इन्हें जन्म दे रहा है और इनकी परवरिश कर रहा है।
तहरीर में यह कि कहा गया है कि यह केवल प्रदर्शनकारियों का ही नहीं, बल्कि समस्त नई पीढ़ी, महिलाओं, युवाओं तथा उनके माता-पिता एवं परिवारों का सामूहिक अपमान है। इस प्रकार का सार्वजनिक वक्तव्य समाज में आक्रोश, वैमनस्य एवं अशांति उत्पन्न करने वाला है तथा करोड़ों नागरिकों की गरिमा एवं भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।
तहरीर के माध्यम से मांग की है कि भाजपा सांसद कंगना रनौत के उक्त बयान की निष्पक्ष जांच कराई जाए। भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विधि सम्मत धाराओं, जिनमें परिस्थितियों के अनुसार जानबूझकर विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाना, धार्मिक/सामाजिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने, शांति भंग के लिए उकसाना तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीकृत कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उक्त बयान का मूल वीडियो, ऑडियो एवं सोशल मीडिया पोस्टों को सुरक्षित कराकर साक्ष्य के रूप में संकलित करते हुए तत्काल निष्पक्ष विवेचना कर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर श्रीमती अनामिका यादव के साथ जैनब हैदर, प्रो0 विनोद चन्द्रा, मा0 उच्च न्यायालय के अधिवक्ता दिलीप कुमार मिश्रा एवं सत्य प्रकाश पाण्डेय, संजय सिंह, राकेश पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे।
