उत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल रेल प्रबंधक द्वारा लखनऊ– सुल्तानपुर – जौनपुर–लखनऊ रेलखंड का निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : गुरुवार 16 जुलाई, 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ– सुल्तानपुर– जौनपुर– लखनऊ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों तथा रेल संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान लखनऊ– सुल्तानपुर रेलखंड पर स्थित LHS संख्या-164-A का निरीक्षण कर संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके उपरांत सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया गया।

मण्डल रेल प्रबंधक ने सुल्तानपुर स्टेशन पर लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर हेतु निर्मित नवीन रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट क्लासरूम, आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, सीसीटीवी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रनिंग स्टाफ को उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रनिंग रूम का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में पौधारोपण किया तथा मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद भी किया। इसके पश्चात माल गोदाम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध माल लदान एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के अगले चरण में मण्डल रेल प्रबंधक ने लम्भुआ स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा लम्भुआ एवं श्रीकृष्णा नगर स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या-23/ए-सी का निरीक्षण कर संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की l इसके बाद श्रीकृष्णा नगर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यस्थल पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जौनपुर जंक्शन पर मण्डल रेल प्रबंधक ने चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया।

इसके उपरांत मण्डल रेल प्रबंधक ने एनटीपीसी, (टांडा) पहुंचकर रनिंग रूम एवं रेलवे आवासों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने वहां कार्यरत रेल कर्मचारियों से संवाद किया तथा एनटीपीसी द्वारा संचालित विभिन्न कार्यों एवं उनकी कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया।

अपने इस निरीक्षण के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक ने सुल्तानपुर, लम्भुआ, श्रीकृष्णा नगर एवं जौनपुर स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशनों पर जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखी जाए तथा वर्षा के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, प्रशांत कुमार सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button