
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मझगवां – सतना : दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां में गुरुवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से वित्त पोषित अनुसूचित जाति परियोजना अंतर्गत एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी एवं आदान वितरण कार्यक्रम साथ ही भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का 98 स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभय महाजन राष्ट्रीय संगठन सचिव दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा की गई। उपरोक्त कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ नवीन शर्मा द्वारा प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर समन्वित कीट प्रबंधन एवं जैविक कीटनाशी समन्वित कीट एवं रोग प्रबंधन की तकनीकी जानकारी कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश जागरे द्वारा दी गई।
अध्यक्षता करते हुए दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन द्वारा कृषकों को गौवंश आधारित प्राकृतिक खेती करने के लिए कहा गया तथा रासायनिक खेती के दुष्परिणामों के प्रभाव से भी अवगत कराया गया, साथ ही जलवायु परिवर्तन एवं मौसम आधारित फसल पद्धति का चयन करके खेती करने के लिए कृषकों को प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा अनुसूचित जाति के कृषकों को बैटरी चालित स्प्रे पंप, फेरोमोन ट्रेप, ट्राइकोडर्मा, स्यूडोमोनास, नीम तेल कृषकों को वितरित किया गया। उपरोक्त कार्यक्रम में 105 कृषकों की सहभागिता रही एवं केंद्र के सभी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति एवं आपेक्षिक सहयोग रहा।
