
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुजफ्फरनगर / लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी आह्वान एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत रविवार को प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने अपनी विधानसभा मुजफ्फरनगर में वृहद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं उद्योगपतियों के साथ मुख्य अतिथि के रूप में पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योगी सरकार में वृक्षारोपण अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन आंदोलन बन चुका है। यह अभियान प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। एक पेड़ माँ के नाम – प्रकृति के प्रति सम्मान, माँ के प्रति समर्पण है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हर व्यक्ति एक-एक पौधा अवश्य लगाए, उसकी देखभाल का संकल्प ले और हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध मुजफ्फरनगर के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दे।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कमला नेहरू वाटिका, मुजफ्फरनगर पहुंचकर ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ महाअभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया और उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। “वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव भी हैं।

मंत्री अग्रवाल ने जनता से अपील की कि अपनी माँ के सम्मान और धरती माँ के संरक्षण के लिए सभी कम से कम एक वृक्ष अपनी माँ के नाम अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान माँ के प्रति श्रद्धा, प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और विकसित भारत की दिशा में एक सार्थक कदम बन गया है।