
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : उत्तर रेलवे क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक राजेश कुमार पाण्डेय, महाप्रबंधक की अध्यक्षता में मंगलवार 30.06.2026 को कॉन्फ्रेंस हॉल, बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली में आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तर रेलवे के सभी प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधकों तथा कारखानों से मुख्य कारखाना प्रबंधकों ने सहभागिता की।
सर्वप्रथम महाप्रबंधक ने कहा कि सभी कार्यालयों में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप हिंदी में कार्य सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभागीय निरीक्षणों के दौरान राजभाषा कार्यान्वयन की प्रगति का भी निरीक्षण करें तथा उसका उल्लेख अपनी निरीक्षण रिपोर्ट में अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण के दौरान संबंधित कार्यालय प्रमुख स्वयं उपस्थित रहें। संसदीय राजभाषा समिति की निरीक्षण प्रश्नावली सावधानीपूर्वक एवं पूर्ण रूप से भरी जाए तथा निरीक्षणों के दौरान समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की बैठकों में कार्यालय प्रमुख नियमित रूप से सहभागिता करें।
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने उत्तर रेलवे की राजभाषा ई-पत्रिका‘सरस्वती संगम’के वर्ष 2026 के प्रथम अंक का विमोचन किया गया।
मुख्य राजभाषा अधिकारी, श्रीमती शिल्पी अग्रवाल ने महाप्रबंधक सहित उपस्थित सभी अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे स्वयं हिंदी में कार्य करें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने संसदीय राजभाषा समिति द्वारा किए जा रहे निरीक्षणों की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा कार्यान्वयन की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
श्रीमती पुनीत सिंह, उप महाप्रबंधक/राजभाषा ने बैठक का संचालन किया और धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई।