
अशोक यादव, लखनऊ : गुरुवार 25 जून 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल द्वारा आर.डी.एस.ओ. न्यू ऑडिटोरियम, लखनऊ में अंतर्मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता “नाटक” 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पधारी उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (NRWWO) की अध्यक्षा श्रीमती अनीता पांडेय एवं प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी, उत्तर रेलवे, सुजीत कुमार मिश्रा एवं प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर, उत्तर रेलवे, अजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आरम्भ किया गया l

इस प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे के सभी मंडलों एवं विभिन्न इकाइयों सहित कुल 10 टीमों ने भाग लिया । प्रतियोगिता को साहित्यिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक टीम को देश के सुप्रसिद्ध साहित्यकारों एवं नाटककारों के नाम पर कोड प्रदान किए गए। इनमें मुंशी प्रेमचंद, भारतेंदु हरिश्चंद्र, जयशंकर प्रसाद, मोहन राकेश, हबीब तनवीर, शंकर शेष, भीष्म साहनी, धर्मवीर भारती, विजय तेंदुलकर तथा रवीन्द्रनाथ टैगोर के नाम शामिल रहे।

प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों ने अपनी-अपनी नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्कृष्ट अभिनय एवं प्रभावशाली मंचन का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता में ड्रामा मे प्रथम स्थान जगाधरी वर्कशॉप, द्वितीय स्थान लखनऊ मंडल तथा तृतीय स्थान मुरादाबाद मण्डल ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार कनक मेहता/अमृतसर वर्कशॉप, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार महक मेहता / मुरादाबाद, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार अर्पित मिश्रा / लखनऊ मंडल तथा सर्वश्रेष्ठ संगीत का पुरस्कार विनीत कुमार सिंह / दिल्ली मंडल को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (NRWWO) की अध्यक्षा श्रीमती अनीता पांडेय ने विजेता टीमों को सम्मानित करते हुए सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा साहिल लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे l
