केवीके द्वारा मझगवॉ के ग्राम कानपुर में तालाब जीर्णोंद्धार का कार्य प्रारम्भ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मझगवां : सतना जिले के मझगवॉ क्षेत्र के जल संकट कोे ध्यान में रखते हुए 1996 में भारत रत्न राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के कुशल मार्गदर्शन में दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केन्द्र मझगवॉ, सतना द्वारा मझगवॉ विकासखण्ड के 17 ग्रामों में जल संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य जलग्रहण समितियों के माध्यम से प्रारम्भ किया गया था। तैयार की गयी संरचनाओं के पुनः जीर्णोंद्धार आज की आवश्यकता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन एवं कोषाध्यक्ष वसंत पण्डित के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केन्द्र मझगवॉ के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. नवीन कुमार शर्मा एवं अखिल भारतीय समाज सेवा संस्थान के सयुक्त तत्वावधान में जलग्रहण समिति, कानपुर में तालाब जीर्णोंद्धार का कार्य प्रारम्भ किया गया‌। जिसको देखकर ग्राम वासियों में खुशी का माहौल है और बार-बार राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख को याद कर रहे हैं।

इस पहल से भू जल स्तर में सुधार के साथ-साथ कुएं, हैण्डपम्पों और खेती के लिए पर्याप्त जल की व्यवस्था हो सकेगी।

संगठन सचिव अभय महाजन ने राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रेरणा से शुरू किए गए जल संरक्षण कार्यों को फिर से हरा-भरा और उपयोगी बनाने के लिए पुरानी संरचनाओं का चिह्नीकरण के साथ चेक-डैम, तालाब, और सोख्ता गड्ढों की सूची बनाने की बात कही है जिन्हें मरम्मत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जलग्रहण समितियों को फिर से सक्रिय करें ताकि जन-भागीदारी सुनिश्चित हो सके‌ और जल संरचनाओं का वैज्ञानिक सुधार हो।

Related Articles

Back to top button