संदीप सिंह ने मथुरा में मीडिया संवाद कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को किया साझा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मथुरा / लखनऊ : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत शनिवार को मथुरा में मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, डिजिटल परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण तथा गरीब उत्थान से जुड़ी उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया।

संदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का संकल्प धरातल पर साकार हुआ है। सरकार ने योजनाओं के लाभ को सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए डीबीटी और आधार आधारित पारदर्शी व्यवस्था विकसित की है। इसके परिणामस्वरूप लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया गया तथा लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत सुनिश्चित हुई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। जनधन योजना के अंतर्गत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जिनमें 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते शामिल हैं। मुद्रा योजना के तहत 57 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिससे करोड़ों युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है। अब तक 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के विस्तार से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच मिला है। देश में 60 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से लगभग 11 करोड़ महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।

संदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया अभियान ने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है। भारतनेट परियोजना के माध्यम से 2.14 लाख ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है। सरकारी योजनाओं की निगरानी अब डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) ने सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया है।

स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में 23 नए एम्स एवं मेडिकल संस्थानों को स्वीकृति दी गई है। मिशन इंद्रधनुष के तहत 5.4 करोड़ से अधिक बच्चों का टीकाकरण किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव लाया गया है। वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से 16 करोड़ से अधिक घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।

मंत्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान समृद्धि, डिजिटल परिवर्तन और सुशासन के आधार पर भारत आज आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने जनपद मथुरा में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 3.10 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, कन्या सुमंगला योजना, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से लाखों लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई है। जनपद में 9.62 लाख से अधिक आयुष्मान गोल्डन कार्ड जारी किए गए हैं तथा 4.64 लाख से अधिक परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

मीडिया संवाद कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button