
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अन्तर्गत चित्रकूट की सभी प्रमुख संस्थाओं, संत महात्माओंं एवंं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से नगर के साथ-साथ ग्रामीण स्वावलम्बन केन्द्रों पर भी योग की बात पहुंच सके इसके लिये लगभग दो सैकड़ा लोगों को 11 से 13 जून तक योग प्रशिक्षक डॉ तुषार कांत शास्त्री द्वारा आरोग्यधाम में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

चित्रकूट क्षेत्र में योग की जो संरचना बनी है, उसमें 100 से अधिक स्थानों पर योगाभ्यास किया जाना है। योगाभ्यास के लिए जो स्थान चिन्हित किए गए उसमें चित्रकूट क्षेत्र के सभी प्रमुख मंदिर, आश्रम एवं सामाजिक संस्थाओं सहित विभिन्न विभाग शामिल हैं, उपरोक्त स्थानों पर जिन प्रशिक्षकों ने आरोग्यधाम में प्रशिक्षण लिया हैं, उनके द्वारा इन स्थानों पर योग शिविर लगाए जाएंगे।
सभी चिन्हित स्थानों पर दि. 14 जून से 20 जून तक सुबह 5:30 से 6:30 बजे तक प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा प्राणायाम, मुद्राभ्यास, सन्धियोग, योगासन और सूर्य नमस्कार की सभी क्रियायें एवं आसन कराये जायेंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सामूहिक वृहद कार्यक्रम महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। चित्रकूट का यह प्रयोग अपने आप में एक अनूठा प्रयोग है कि अलग-अलग स्थान पर एक सप्ताह योग क्रियाएं सीखने के बाद अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का बड़ा कार्यक्रम एक स्थान पर सुनिश्चित होता है जिसमें नगर एवं आसपास के सभी केन्द्रों के लोग उसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। चित्रकूट का संत समाज भी बड़ी संख्या में बढ़ चढ़कर योग अभ्यास में शामिल होता है, यह आयोजन अपने आप में बहुत बड़ी मिसाल साबित हुआ है।

गौरतलब है कि इसके पूर्व 4 बार 21 जून का सामूहिक बृहद कार्यक्रम ग्रामोदय विश्वविद्यालय में तथा 3 बार डीआरआई के सुरेंद्रपॉल विद्यालय खेल प्रांगण में तथा 2 बार सदगुरु सेवा संघ के खेल प्रांगण में किया जा चुका है। इस बार 21 जून अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का सामूहिक वृहद कार्यक्रम महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिसर में सम्पन्न होगा।
इस वृहद आयोजन को लेकर दीनयाल शोध संस्थान के राष्ट्रीय संगठन सचिव अभय महाजन ने चित्रकूट नगर एवं सभी ग्रामीण केन्द्र, चित्रकूट जनपद तथा मझगवां जनपद के स्वावलम्बन केन्द्रों एवं सम्पर्कित ग्रामीण केन्द्रों पर ग्रामवासियों की भागीदारी के साथ योग के इन प्रयोगों को नियमित रूप से अपनाने व दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया है।

आरोग्यधाम में प्रशिक्षकों द्वारा इस समय योग की सभी क्रियाओं को सिखाया जा रहा है। उनके द्वारा योग स्थितियों, मुद्राभ्यास और योगासन से होने वाले लाभों से भी सभी को अवगत कराया जा रहा है।
महाजन ने बताया कि जन भागीदारी को सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से ग्रामीण केंद्रों के अतिरिक्त चित्रकूट क्षेत्र में 100 से अधिक स्थानों पर योग शिविर आयोजित करने की योजना रचना तैयार की गई है। ताकि प्रत्येक घर तक योग का संदेश पहुंचे और जो योग हमारी प्राचीन जीवनशैली का हिस्सा था, वह फिर से हमारी दैनिक दिनचर्या में शामिल हो सके।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर इस बार योग कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। उत्तर प्रदेश चित्रकूट जनपद नगर पालिका चित्रकूट धाम परिक्षेत्र तथा मध्य प्रदेश नगर परिषद वाले परिक्षेत्र से लगभग एक सैकड़ा केंद्रों में प्रशिक्षण का कार्यक्रम एवं प्रतिदिन दैनिक योगाभ्यास का कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह दशवां संस्करण है।

