नशामुक्त समाज स्वस्थ एवं समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला : प्रो. अमरजीत सिंह

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के प्रबंधन संकाय में मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन एवं नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत “नशा सेवन के मनोवैज्ञानिक दुष्प्रभाव एवं निवारण” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संकायाध्यक्ष प्रो. अमरजीत सिंह ने की।

मुख्य वक्ता एवं विश्वविद्यालय की मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष प्रो. नंदलाल मिश्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल शारीरिक स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, व्यवहार और व्यक्तित्व को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने नशा सेवन के मनोवैज्ञानिक दुष्प्रभावों तथा उनके स्वास्थ्यगत परिणामों की तथ्यात्मक जानकारी दी।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नशा सेवन से तनाव, चिंता, अवसाद, आत्मविश्वास में कमी, चिड़चिड़ापन तथा सामाजिक अलगाव जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने इनके निवारण हेतु तनाव प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक संगति एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श की आवश्यकता पर बल दिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. अमरजीत सिंह ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के व्यवहार, परिवार एवं शैक्षणिक जीवन को प्रभावित करती है। नशामुक्त समाज ही स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण का आधार बन सकता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमार अरसिया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. चंद्र प्रकाश गुजर ने किया। इस अवसर पर शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं छात्र छात्राएं मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button