अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता अभियान से पमरे में नुक्कड़ नाटक एवं जनसंपर्क गतिविधियाँ आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : भारतीय रेल द्वारा 09 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी के निर्देशन में तीनों मंडलों में मंडल रेल प्रबंधकों के नेतृत्व में विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।

पश्चिम मध्य रेल के संरक्षा विभाग के तत्वावधान में विभिन्न रेल समपार फाटकों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, पम्पलेट वितरण तथा सुरक्षा संबंधी संदेशों के माध्यम से आमजन को रेल समपार फाटकों पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य रेल समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना तथा सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि रेल पटरी पार करते समय मोबाइल फोन अथवा ईयरफोन का उपयोग करना, बंद फाटक के नीचे से अनधिकृत रूप से निकलने का प्रयास करना तथा यातायात नियमों की अनदेखी करना दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। साथ ही नागरिकों को यह भी अवगत कराया जा रहा है कि रेलवे अधिनियम एवं मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत ऐसे कृत्यों पर आर्थिक दंड, कारावास अथवा दोनों प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

कोटा मण्डल में मंडल के विभिन्न समपार फाटकों पर सड़क उपयोगकर्ताओं को रेल समपार पार करते समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। समपार फाटक संख्या 113 (गुडला-केशवरायपाटन) पर नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान दूरस्थ क्षेत्रों के समपार फाटकों, ग्राम पंचायतों एवं पेट्रोल पंपों पर सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। संवेदनशील एवं असुरक्षित समपार फाटकों पर विशेष बैनर प्रदर्शित किए जा रहे तथा रेलवे स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) के माध्यम से सुरक्षा संदेशों का निरंतर प्रसारण किया जा रहा है।

भोपाल मण्डल में मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में संरक्षा विभाग, इंजीनियरिंग, परिचालन, यांत्रिक, वाणिज्यिक, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संयुक्त रूप से समपार फाटकों पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को समपार फाटकों पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है तथा सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए जा रहे हैं। समपार फाटक संख्या 10 (सेमरखेड़ी–कंजिया खंड) एवं समपार फाटक संख्या 274 (सोरई–सुमेर खंड) सहित विभिन्न समपार फाटकों पर सड़क उपयोगकर्ताओं की काउंसिलिंग की गई तथा सुरक्षा पंपलेट वितरित कर उन्हें समपार फाटक सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। कुंभराज स्टेशन यार्ड स्थित समपार फाटक संख्या 91 बी-2 पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त मंडल सांस्कृतिक अकादमी के कलाकारों द्वारा चयनित समपार फाटकों पर नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी जनजागरूकता किया गया।

जबलपुर मण्डल में मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में समपार फाटकों पर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर समपार दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूक किया जा रहा है। मंडल के चयनित समपार फाटकों पर नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से स्थानीय नागरिकों को रेल समपारों पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों एवं समपार फाटकों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी लगातार सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर कछपुरा–मदन महल रेलखंड के मध्य स्थित समपार फाटक क्रमांक 316 पर विशेष सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। मंडल द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरूकता अभियानों का आयोजन कर यात्रियों एवं आमजन में संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सतत प्रयास किया जाता है, जिससे रेल परिचालन को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त बनाया जा सके।

रेल प्रशासन ने सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि समपार फाटकों पर निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें, बंद फाटक को पार करने का प्रयास न करें तथा अपनी एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें। जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही समपार दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।

Related Articles

Back to top button