चित्रकूट के युवा अभियंता अनुभव द्विवेदी,आईआईटी-बीएचयू की पीएच.डी. प्रवेश सूची में छठें स्थान पर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : चित्रकूट पालदेव के युवा अभियंता अनुभव द्विवेदी ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं निरंतर अध्ययन के बल पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आईआईटी – बीएचयू की पीएच.डी. प्रवेश सूची में छठा स्थान प्राप्त किया है।

अनुभव द्विवेदी बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक. की उपाधि प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने वर्ष 2024 में गेट परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया। आगे बढ़ते हुए उन्होंने वर्ष 2026 में मोती लाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पर्यावरण अभियांत्रिकी में एम.टेक. की उपाधि प्राप्त की।

अपने शैक्षणिक सफर में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनुभव ने वर्ष 2026 की पीएच.डी. प्रवेश प्रक्रिया में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (बीएचयू) द्वारा प्रकाशित प्रवेश सूची में छठा स्थान प्राप्त किया है।

अनुभव के पिता चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी जनपद पंचायत मझगवां में सहायक लेखाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। परिवार का मार्गदर्शन, अनुशासित अध्ययन, कठिन परिश्रम तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण उनकी सफलता के प्रमुख आधार रहे हैं।

Related Articles

Back to top button