मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रतापगढ़–जंघई रेल खण्ड पर गौरा से नीभापुर रेल लाइन दोहरीकरण कार्यों का निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : मंडल रेल प्रबंधक उत्तर रेलवे लखनऊ, सुनील कुमार वर्मा द्वारा गुरुवार प्रतापगढ़–जंघई रेल खण्ड पर चल रहे रेल लाइन दोहरीकरण एवं स्टेशन विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया गया । इस दौरान उन्होंने गौरा, सुवंसा, बादशाहपुर एवं नीभापुर रेलवे स्टेशनों का विस्तृत निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने गौरा से नीभापुर रेलवे स्टेशन तक लगभग 19.38 किलोमीटर रेल खण्ड पर प्रगति पर चल रहे दोहरीकरण कार्यों का जायजा लिया तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। गौरा स्टेशन पर उन्होंने रेल लाइन डॉबलिंग कार्यों एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। सुवंसा स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने लाइन दोहरीकरण कार्यों के अतिरिक्त निर्माणाधीन स्टेशन भवन, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, पैनल रूम, प्लेटफॉर्म एवं अन्य संरचनात्मक विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

इसके उपरांत बादशाहपुर स्टेशन पर स्थानीय ग्रामीणों ने मंडल रेल प्रबंधक से भेंट कर रेल से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया। मंडल रेल प्रबंधक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके शीघ्र एवं समुचित निराकरण का आश्वासन दिया। नीभापुर स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने निर्माणाधीन स्टेशन भवन एवं अन्य विकास कार्यों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। अपने निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने यात्री शेड, पेयजल व्यवस्था, टिकटिंग सुविधा, शौचालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण कर यात्रियों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने नीभापुर से लखनऊ तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रेल मार्ग की संरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने हरचंदपुर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 163-SPL पर संरक्षा एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इस निरीक्षण में अपर मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री ब्रजेश कुमार यादव सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button