
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में स्थापित आधुनिक फ्लडलाइट व्यवस्था के उद्घाटन अवसर पर एक भव्य टी-20 नाइट क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मंडलीय खेलकूद संघ, पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में मंडल रेल प्रबंधक एकादश एवं मीडिया एकादश की टीमें आमने-सामने रहीं। फ्लडलाइट्स की आकर्षक रोशनी में आयोजित इस ऐतिहासिक मैच ने खेल प्रेमियों एवं उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल तथा लखनऊ मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। मंडल रेल प्रबंधक ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (संचालन) श्रीमती नीतू, स्पोर्ट्स ऑफिसर धनंजय मिश्रा, रेलवे अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, उनके परिवारीजनों एवं रेलवे कर्मचारियों की उपस्थिति में फ्लडलाइट में खेले जा रहे उद्घाटन मैच का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अत्यंत खुशी है कि इस विशेष अवसर पर मीडिया जगत के सम्मानित प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में रही। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज और संस्थाओं के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है तथा मीडिया के सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता से रेलवे की उपलब्धियां जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचती हैं। उन्होंने सभी मीडिया कर्मियों का स्वागत करते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में स्थापित आधुनिक फ्लडलाइट व्यवस्था भविष्य में रात्रिकालीन खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे रेलवे खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय अभ्यास एवं प्रतिस्पर्धाओं के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे तथा खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मैत्री मैच में मीडिया एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। मीडिया एकादश की ओर से सुधीर तिवारी ने सर्वाधिक 35 रन बनाए, जबकि पंकज पांडेय ने 14 रनों का सर्वाधिक योगदान दिया।
मंडल रेल प्रबंधक एकादश की ओर से शिव प्रताप सिंह, बलराम निषाद एवं पंकज कुमार सिंह ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए एक-एक महत्वपूर्ण विकेट प्राप्त किया।
95 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंडल रेल प्रबंधक एकादश की टीम के सलामी बल्लेबाज राहुल यादव एवं पंकज कुमार सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। राहुल यादव ने मात्र 28 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए, जिसमें 6 चौके एवं 1 छक्का शामिल रहा। वहीं पंकज कुमार सिंह ने 37 गेंदों पर नाबाद 43 रनों की प्रभावशाली पारी खेली, जिसमें 5 चौके एवं 2 छक्के शामिल रहे।
मंडल रेल प्रबंधक एकादश ने बिना कोई विकेट खोए मात्र 10.5 ओवरों में 98 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ मंडल रेल प्रबंधक एकादश ने मीडिया एकादश को 10 विकेट से पराजित कर उद्घाटन टी-20 नाइट मैच जीत लिया।
मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।