
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली / लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार अपने दिल्ली प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ पदाधिकारियों से महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती और उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन: उपमुख्यमंत्री मौर्य ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से भेंट कर उन्हें उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष: संगठन की दृष्टि से यह भेंट अत्यंत महत्वपूर्ण रही। इसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं के समन्वय और उत्तर प्रदेश में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा हुई।

राज्यसभा सांसद विनोद तावडे: तावडे के साथ हुई मुलाकात में विभिन्न समसामयिक विषयों और संसदीय क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भेंट : मौर्य ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अत्यंत स्नेहिल भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच अंतरराज्यीय समन्वय और विकास के साझा विजन पर चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन सदैव ऊर्जा प्रदान करने वाला होता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश “डबल इंजन” की सरकार के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
“संगठन ही शक्ति है। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भेंट कर प्रदेश के विकास और संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के संदर्भ में सार्थक चर्चा हुई है। हम सब मिलकर अंत्योदय के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” — केशव प्रसाद मौर्य