मैलानी जं0 रेलवे स्टेशन के यार्ड में स्थित समपार पर रेलवे सुरक्षा के संबंध में जागरूकता हेतु अभियान चलाया गया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ शिल्पी कनौजिया के निर्देशन में मैलानी जं0 रेलवे स्टेशन के यार्ड में स्थित समपार संख्या 179बी एवं 177सी पर जन जागरण के माध्यम से ग्रामीणों व सड़क उपयोगकर्ताओं को रेलवे सुरक्षा के संबंध में जागरूकता हेतु अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक एवं यार्ड के निकट झाड़ियों या पटरियों के आसपास सूखी घास, पराली, कूड़ा आदि न जलाने, निर्धारित स्थान से रेलवे लाइन पार करने, ट्रैक पर जानवरों को न ले जाने तथा ट्रैक के आसपास बस्तियों में स्टोव, अंगीठी, चूल्हा या गैस सिलेंडर का उपयोग बहुत सावधानी से करने के लिए जागरूक किया गया। ट्रैक के आस पास के इलाकों में पटाखों, विस्फोटक या किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ का भण्डारण न करने के लिए भी बताया गया।

सभी लोगों को रेल ट्रैक के निकट अथवा रेलवे क्षेत्र में कहीं भी आग लगने की घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम रेलवे स्टेशन, आरपीएफ/जीआरपी थाना तथा रेलवे हेल्पलाइन न0 139 को सूचित करने के लिए समझाया गया। यदि कोई व्यक्ति रेलवे ट्रैक या रेलवे सम्पत्ति के आस-पास आग जलाता है या ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उसे रेलवे एक्ट की धारा 151 के तहत पॉच वर्ष तक की जेल अथवा जुर्माना भी हो सकता है। इस दौरान जागरूकता हेतु 200-250 संरक्षा पोस्टर (पंपलेट) भी बांटे गए।

इस अवसर पर सहायक संरक्षा अधिकारी, संरक्षा सलाहकार समाडि, यातायात व इंजीनियरिंग तथा मैलानी इंजीनियरिंग विभाग के पर्यवेक्षक व कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button