
अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ : लखनऊ में सोमवार कला और संस्कृति का एक खास संगम देखने को मिला, जब कंबोडिया की महामहिम राजदूत रथ मैनी ने राज्य ललित कला अकादमी पहुंचकर कलाकारों की रचनात्मक दुनिया को करीब से जाना। उनके इस दौरे ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय महत्व दिया।
राज्य ललित कला अकादमी में उनके स्वागत के अवसर पर एक विशेष कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान राजदूत ने विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया और प्रदेश के वरिष्ठ विजुअल आर्ट कलाकारों के साथ कला के अलग-अलग पहलुओं पर बातचीत की।

प्रदर्शनी में मौजूद कलाकृतियों को देखकर राजदूत रथ मैनी काफी प्रभावित नजर आईं। उन्होंने भारतीय कला की विविधता और गहराई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद को और मजबूत बनाते हैं।
इस मौके पर उन्हें प्रदेश में कला और संस्कृति के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई। खास तौर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अहम पहलों और अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बताया गया, जिनसे कलाकारों को सहयोग और मंच मिल रहा है।
इसके साथ ही वरिष्ठ छायाकार अनिल रिसाल और वाटर कलर कलाकार अनिल शर्मा की कलाकृतियां भी प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा ‘फ्रॉम अवेकनिंग टू इनलाइटमेंट’ थीम पर महात्मा बुद्ध आधारित विशेष चित्र भी प्रदर्शित किए गए।
इसपर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया, ऐसे आयोजन कला के माध्यम से दो देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करते हैं और हमारे कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का अवसर देते हैं।