
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल ने सतत एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए बनारस रेलवे स्टेशन पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने हेतु ई-नीलामी के माध्यम से लाइसेंस प्रदान किया है, जिसकी वार्षिक लाइसेंस फीस ₹ 2.67 लाख निर्धारित हुई है। यह वाराणसी मंडल की इस प्रकार की पहली पहल है, जो नवाचार एवं यात्री सुविधाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यह बैटरी स्वैपिंग सुविधा यात्रियों, आगंतुकों तथा अंतिम मील परिवहन सेवाओं (जैसे ई-रिक्शा एवं दोपहिया वाहन) के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, क्योंकि इससे डिस्चार्ज बैटरियों का त्वरित एवं सुविधाजनक प्रतिस्थापन संभव होगा। इससे चार्जिंग में लगने वाले समय की बचत होगी, स्थानीय परिवहन की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा पर्यावरण अनुकूल वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस सुविधा को बनारस रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सुविचारित रूप से स्थापित किया गया है, जिससे उपलब्ध स्थान का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हुआ है तथा यात्रियों की आवाजाही में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होगी। साथ ही, यह रेलवे के लिए गैर-भाड़ा राजस्व अर्जन का एक सशक्त माध्यम भी है। यह पहल भारतीय रेल के हरित ऊर्जा, सतत अवसंरचना एवं बेहतर यात्री सुविधाओं के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है। वाराणसी मंडल निरंतर नवाचार के माध्यम से सेवा गुणवत्ता में सुधार एवं स्वच्छ एवं कुशल परिवहन तंत्र के विकास हेतु प्रयासरत है।
ज्ञातव्य हो की बैटरी स्मार्ट स्वैप स्टेशन एक भारतीय नेटवर्क है और इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए बैटरी-एज़-ए-सर्विस समाधान प्रदान करता है। यह स्टेशन इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को लगभग दो मिनट में डिस्चार्ज हो चुकी बैटरी को पूरी तरह चार्ज बैटरी से बदलने की सुविधा देता है। बैटरी स्मार्ट सदस्यता या सब्सक्रिप्शन के आधार पर काम करती है, जिसका उद्देश्य स्वैपेबल लिथियम-आयन बैटरी प्रदान करके इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों के लिए शुरुआती लागत को कम करना है। आईआईटी-कानपुर के स्नातकों द्वारा स्थापित इस कंपनी ने सुविधाजनक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए भारत के कई शहरों में पार्टनर स्वैपिंग स्टेशनों का एक व्यापक नेटवर्क स्थापित किया है।