बीबीएयू ने “गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज कराया अपना नाम, सामूहिक वृक्षारोपण में बनाया इतिहास

अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ का प्रमाणपत्र प्राप्त किया है। यह सम्मान विश्वविद्यालय को एक ही समय पर एक ही स्थान पर सर्वाधिक पौधे लगाने के सफल प्रयास के लिए प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि ने न केवल विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है, बल्कि पर्यावरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने समस्त प्रतिभागियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे सामूहिक प्रयास, समर्पण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

यह भव्य वृक्षारोपण अभियान 9 जुलाई 2025 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया था। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वन विभाग के सहयोग से 2100 प्रतिभागियों द्वारा एक ही समय में एक ही स्थान पर 2100 पौधे लगाए गए थे, जिनमें से 2055 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण सुनिश्चित किया गया। यह सुव्यवस्थित और विशाल आयोजन विश्वविद्यालय की संगठित कार्यक्षमता और पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का यह प्रयास न केवल एक रिकॉर्ड स्थापित करने तक सीमित है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी सतत प्रतिबद्धता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी दर्शाता है। यह उपलब्धि निश्चित रूप से विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button