यूपी चुनाव 2022: मुख्यमंत्री योगी मैनपुरी तो अखिलेश जालौन में आज करेंगे जनसभा

अशाेक यादव, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में तीसरे फेज के के मतदान वाले क्षेत्रों में प्रचार आज शाम पांच बजे से खत्म हो जाएगा। भाजपा, सपा, बसपा तथा कांग्रेस ने अपना जोर लगा रखा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैनपुरी को एक बार फिर मथेंगे तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव जालौन में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद कानपुर शहर में समाजवादी विजय रथ पर सवार होकर जनसंपर्क करेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ के सरोजनीनगर में सभा करेंगे। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का भी शुक्रवार को झांसी के साथ ललितपुर तथा रायबरेली का दौरा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान वाले 16 जिलों की 55 विधानसभा क्षेत्र में शाम पांच बजे से प्रचार पर रोक लग जाएगी। भाजपा के साथ ही सभी दलों ने प्रचार में ताकत झोंक दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैनपुरी में चुनाव प्रचार करेंगे तो जालौन में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह भी अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button