
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में गुरुवार मंडल चिकित्सालय बादशाहनगर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डा0 रमेश चंद्र के अध्यक्षता में “100 दिवसीय टी.बी. उन्मूलन अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य टी.बी. रोग के प्रति जन- जागरूकता बढ़ाना तथा इसके उन्मूलन हेतु रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारीजनों को आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में अपर चिकित्सा अधीक्षक डा0 विनीता गुप्ता द्वारा जागरूकता कार्यक्रम में पल्मोनरी तथा एक्स्ट्रा पल्मोनरी टी.बी. के लक्षण, बचाव एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई तथा उन्होंने बताया की समय पर पहचान एवं नियमित उपचार से टी.बी. रोग को पूर्णतः नियंत्रित एवं समाप्त किया जा सकता है। अपर चिकित्सा अधीक्षक डा0 वी.के. पाठक ने टी.बी. उन्मूलन हेतु सरकार एवं रेलवे द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी देते हुए लोगों से जागरूक रहने तथा रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मरीजों एवं कर्मचारियों के बीच जागरूकता हेतु टी.बी. बचाव संबंधी प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे लोगों में रोग के प्रति जागरूकता एवं सतर्कता बढ़ाई जा सके। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 अनामिका, डा0 सचिन श्रीवास्तव एवं डा0 निहारिका पांडे तथा स्वास्थ्य कर्मी व रेलवे कर्मचारी उपस्थित थे।