
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक सम्मानपूर्वक भोजन पहुंचाने के उद्देश्य से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) के सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ द्वारा रविवार, 29 नवंबर 2026 को आशियाना, लखनऊ में निःशुल्क पौष्टिक भोजन वितरण अभियान आयोजित किया गया। प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी के आशीर्वाद से संचालित इस अभियान के माध्यम से दो हजार से अधिक बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों एवं जरूरतमंद परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया गया।
संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा अभियान का उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर लोगों की भोजन संबंधी जरूरतों को पूरा करना है। कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा सुव्यवस्थित तरीके से भोजन वितरण की जिम्मेदारी निभाई।

संस्था का मानना है कि जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना केवल परोपकार नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय कर्तव्य भी है। इसी भावना के साथ ‘शहर में कोई भूखा न सोये’ के संकल्प को साकार करने के लिए बृज की रसोई प्रत्येक रविवार नियमित रूप से निःशुल्क भोजन वितरण अभियान चला रही है।
इस अवसर पर संस्था की ओर से समाज के समर्थ नागरिकों से भी इस पुनीत कार्य में आगे आकर सहयोग करने की अपील की गई, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाई जा सके।

अभियान को सफल बनाने में जालिम सिंह, विजयपाल सिंह, संजय श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, विकास पाण्डेय, सत्यम वर्मा, अखिलेश सिंह, उमाशंकर यादव एवं गोविन्द सिंह ठाकुर सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।

संस्था ने अपने सेवा संदेश ‘एक ही ध्येय, प्राणी मात्र सेवा’ के माध्यम से समाज में मानवता, करुणा और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।