
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, कोटा : रेलवे द्वारा कोटा जंक्शन स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर निर्माण एवं विकास कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते 23 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक 15 दिनों का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने चार रेलसेवाओं का मार्ग परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों को कोटा स्टेशन के स्थान पर सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ब्लॉक अवधि में निम्नलिखित रेलसेवाएं परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी।
- भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (14814): 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक यह ट्रेन सोगरिया-कोटा सी केबिन-गुरला होकर संचालित होगी। सोगरिया स्टेशन पर इसका आगमन रात 2:10 बजे और प्रस्थान 2:20 बजे होगा।
- जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस (14813): 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक यह ट्रेन गुरला-कोटा सी केबिन-सोगरिया होकर चलेगी। सोगरिया में रात 11:30 बजे पहुंचेगी और 11:40 बजे रवाना होगी।
- जबलपुर-अजमेर एक्सप्रेस (12181): 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक यह रेलसेवा सोगरिया-कोटा सी केबिन-गुरला होकर संचालित होगी। सोगरिया में सुबह 6:35 बजे आगमन और 6:45 बजे प्रस्थान होगा।
- अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस (12182): 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक यह ट्रेन गुरला-कोटा सी केबिन-सोगरिया होकर चलेगी। सोगरिया स्टेशन पर रात 9:50 बजे पहुंचेगी और 10 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे के अनुसार कोटा जंक्शन स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के परिवर्तित मार्ग और ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

