
राहुल यादव, लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा आयोजित “रोज़गार मेला” एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप आयोजित किए जा रहे रोजगार मेलों ने देश के लाखों युवाओं के सपनों को नई दिशा प्रदान की है। जोकि भारत सरकार की पारदर्शी, त्वरित एवं जनहितकारी भर्ती प्रक्रिया का सशक्त उदाहरण है।
शनिवार 23 मई 2026 को आयोजित 19वें रोजगार मेला कार्यक्रम मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के विभिन्न सरकारी विभागों एवं संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक नव-नियुक्त युवाओं को संबोधित किया। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित अभ्यर्थी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

इसी क्रम में गोमती नगर, लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में “19वें रोजगार मेला” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बी एल वर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री, (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय) उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कुल 330 चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे तथा उनके द्वारा भी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
रोजगार मेले में विभिन्न विभागों हेतु चयनित अभ्यर्थियों में सर्वाधिक 198 अभ्यर्थी रेलवे विभाग से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त बैंकिंग क्षेत्र में 62 अभ्यर्थियों (09 भारतीय स्टेट बैंक एवं 53 बैंक ऑफ बड़ौदा), डाक विभाग में 34 अभ्यर्थियों, गृह विभाग में 09 अभ्यर्थियों, डिफेन्स विभाग मे 09, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में 08 अभ्यर्थियों तथा श्रम एवं रोजगार विभाग में 01 एवं ESIC मे 13 अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें देश की प्रगति एवं विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम मे अपर मण्डल रेल प्रबंधक, लखनऊ, श्रीमती नीलिमा सिंह, अपर मण्डल रेल प्रबंधक, लखनऊ शूरवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, समर्थ गुप्ता एवं वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी उ. रे. लखनऊ श्रीमती अरिमा भट्टनागर उपस्थित रही l