
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश में पोल्ट्री उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से वूईधवर 15 एवं 16 अप्रैल, 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में दो दिवसीय ‘उत्तर प्रदेश पोल्ट्री कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन पूर्वाह्न 10ः30 बजे से किया जा रहा है। कार्यक्रम में भारत सरकार के पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन सत्र में प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह तथा उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी प्रतिभाग करेंगे।
यह जानकारी मंगलवार यहां पशुपालन विभाग एवं पोल्ट्री इंडिया द्वारा एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। निदेशक प्रशासन एवं विकास, पशुपालन, डॉ. मेमपाल सिंह ने बताया कि यह कॉन्क्लेव प्रदेश के पोल्ट्री क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें उद्योग विशेषज्ञ नवीनतम तकनीकी चुनौतियों, संभावनाओं एवं नवाचारों पर मार्गदर्शन देंगे। साथ ही सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं व्यावहारिक समाधान पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
कॉन्क्लेव के प्रथम दिवस 15 अप्रैल को उद्घाटन सत्र के साथ तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जिनमें बाजार लिंकेज, बैकयार्ड पोल्ट्री, नीति समर्थन, निवेश के अवसर तथा ग्रामीण समुदायों के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार साझा किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सफलता की कहानियों, पैनल चर्चा एवं पुस्तक विमोचन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
द्वितीय दिवस 16 अप्रैल को ‘इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही सस्टेनेबल फार्मिंग, पोल्ट्री कचरे के उपयोग एवं एंटीबायोटिक-मुक्त उत्पादों के उभरते रुझानों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। समापन सत्र में सुझाव, प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
इस कॉन्क्लेव में पोल्ट्री पालक, हैचरी मालिक, उद्यमी, स्टार्टअप, वैज्ञानिक, पशु चिकित्सक एवं पशुचिकित्सा विज्ञान के छात्र बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से हितधारकों को नेटवर्किंग, निवेश के अवसर एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त होगी, जिससे उत्तर प्रदेश को पोल्ट्री हब बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सकेगा।
पशुपालन विभाग ने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की है कि वे निःशुल्क पंजीकरण कर इस कॉन्क्लेव में प्रतिभाग करें और पोल्ट्री क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।