
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की आज आयोजित यात्रा को लेकर निशाना साधते हुए इसे भाजपा की विदाई यात्रा करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसे अपनी यात्रा बता रही है, जबकि प्रदेश की जनता के लिए यह भाजपा की सत्ता से विदाई का संदेश है।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और लोकतंत्र से जुड़े विभिन्न सवालों को लेकर परेशान है। प्रदेश के लोग सरकार से इन मुद्दों पर जवाब मांग रहे हैं, लेकिन जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय यात्राओं के माध्यम से राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केवल यात्राएं निकालने से जनता के वास्तविक सवाल खत्म नहीं होंगे। सरकार को महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
लोकदल अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है और आने वाले चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर राजनीतिक परिवर्तन लाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसका फैसला ही सत्ता का भविष्य तय करता है।
चौधरी सुनील सिंह ने भाजपा को सलाह दी कि वह राजनीतिक यात्राओं के बजाय जनता के बुनियादी मुद्दों पर ध्यान दे और अपने कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखे। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की बदहाली जैसे सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।