
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा से बुधवार योजना भवन में जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश के एमएसएमई और स्टार्टअप्स को जर्मनी तथा यूरोप के बाजारों से जोड़ने, तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्टार्टअप्स तथा नई तकनीकों के क्षेत्र में प्रदेश में निरंतर नए अवसर विकसित हो रहे हैं। ऐसे समय में जर्मनी के साथ सहयोग उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और स्टार्टअप्स को वैश्विक बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि जर्मन इंडियन बिजनेस एलायंस दोनों देशों के बीच व्यापारिक एवं उद्यमिता संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भागीदार है। इसके माध्यम से भारतीय एमएसएमई और स्टार्टअप्स को जर्मनी तथा यूरोपीय बाजारों में अपने कारोबार को स्थापित और विस्तारित करने में सहयोग मिलेगा। इससे भारत से निर्यात को बढ़ावा देने के साथ ही रोजगार के नए अवसरों का सृजन भी होगा।
मंत्री जी ने कहा कि भारतीय स्टार्टअप्स को जर्मनी और यूरोप के बाजारों में प्रवेश के अवसर मिलने से उनके कारोबार के विस्तार को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। वहीं, जर्मनी की कंपनियों के लिए उत्तर प्रदेश में निवेश के नए अवसर विकसित होंगे। इससे प्रदेश में तकनीकी हस्तांतरण, निवेश और नए कारोबारी संबंधों को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में मजबूत स्टार्टअप परिवेश विकसित करने तथा युवाओं और उद्यमियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच इस प्रकार का सहयोग दोनों देशों के व्यवसायों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने जर्मन प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति की पुस्तिका भी भेंट की। यह पुस्तिका प्रदेश में स्टार्टअप्स को उपलब्ध नीतिगत सुविधाओं और प्रोत्साहन से संबंधित जानकारी प्रदान करती है।
जर्मन प्रतिनिधिमंडल में राउनहाइम, हेस्से के मेयर डेविड रेंडल, इनोवेशन हब राइनमेन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीफन विटेकिंड, जर्मन इंडियन बिजनेस एलायंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सह-संस्थापक निर्मल रमन कन्नैयन तथा जीआईबीए के चेयरमैन सेल्वाकुमार पेरियासामी शामिल रहे।
बैठक में विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा प्रबंध निदेशक, यूपी डेस्को समीर वर्मा, आईएएस, विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग और प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड हिमांशु कौशिक, आईएएस तथा इन्वेस्ट यूपी के उद्यमी मित्र प्रकोष्ठ के सहायक महाप्रबंधक एवं नोडल अधिकारी रितेश सक्सेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर प्रदेश के एमएसएमई एवं स्टार्टअप्स को जर्मनी के कारोबारी और नवाचार तंत्र से जोड़ने तथा दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।