
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल तथा अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा0) भुवनेश सिंह एवं अपर मण्डल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू की उपस्थिति में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूकता हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्टेशन पर स्वच्छता कार्यों में प्रयुक्त विभिन्न मशीनों, उपकरणों एवं साफ-सफाई से संबंधित सामग्रियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे यात्रियों को रेलवे द्वारा किए जा रहे स्वच्छता प्रयासों की जानकारी मिली। साथ ही, मिट्टी के बर्तनों, कुल्हड़ों तथा जूट से बने उत्पादों के स्टॉल लगाकर यात्रियों को प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ लखनऊ के बच्चों द्वारा “पर्यावरण है तो हम हैं” विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। लगभग 15 स्काउट-गाइड बच्चों ने अपने प्रभावी अभिनय व संवादों से पेड़ों को बचाने, प्लास्टिक का उपयोग न करने और जल संरक्षण का संदेश दिया। यात्रियों एवं रेलकर्मियों ने इस प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पिछले तीन सप्ताह से चल रहे पर्यावरण एवं स्वच्छता पखवाड़े में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल द्वारा सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान उन्होंने मंडल द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी प्रयासों की सराहना की। इन्हीं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप पूर्वाेत्तर रेलवे को गत वर्ष आयोजित स्वच्छता प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इस कार्यक्रम के माध्यम से लखनऊ मंडल ने स्वच्छ, हरित एवं यात्री-हितैषी रेल परिसर के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) महेन्द्र सिंह के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी शाखाधिकरीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
इसी क्रम में गोंडा जंक्शन स्टेशन परिसर में श्रमदान कर पार्क क्षेत्र की सफाई की गई तथा वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। ठेकेदार सफाई श्रमिकों को कंपोस्टर प्लांट की कार्यप्रणाली एवं उससे निर्मित जैविक खाद की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही श्रमिकों को स्वस्थ जीवन हेतु नियमित योग व व्यायाम करने, अपने परिवार को स्वस्थ रखने तथा समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य निरीक्षक के नेतृत्व में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें यात्रियों एवं संविदा सफाई कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रियों को बिजली-पानी की बचत करने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने तथा भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया। स्टेशन के वेंडरों एवं यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा रीसाइकिलेबल थैलों के उपयोग के लिए जागरूक किया गया। कर्मचारियों से पुनः प्रयोग योग्य पानी की बोतलों के उपयोग को बढ़ावा देने का अनुरोध किया गया।
बस्ती रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य निरीक्षक के नेतृत्व में निविदा सफाई मित्रों द्वारा सर्कुलेटिंग एरिया एवं ग्रीन एरिया पार्क में श्रमदान कर स्वच्छता एवं पर्यावरण के प्रति समर्पण प्रदर्शित किया गया। सफाई मित्रों द्वारा यात्रियों को जल संरक्षण एवं ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा कंपोस्टर प्लांट से खाद बनाने की प्रक्रिया एवं उसके उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही वॉटर वेंडिंग मशीनों के विक्रेताओं को शुद्धिकरण के दौरान उत्पन्न अपशिष्ट जल के संग्रहण एवं विभिन्न गतिविधियों में उसके पुनः उपयोग के बारे में जागरूक किया गया।
लखनऊ मंडल रेल प्रशासन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य के प्रति सतत प्रयासरत है तथा यात्रियों से भी हरित एवं स्वच्छ रेल परिसर बनाने में सहयोग की अपील करता है।