बीबीएयू के शिक्षकों हेतु ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में कंसोर्टियम फॉर एजुकेशनल कम्युनिकेशन एवं इलेक्ट्रानिक मल्टीमीडिया रिसर्च सेंटर (मीडिया सेंटर) के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के शिक्षकों के लिए ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। डिजिटल शिक्षा, MOOCs (मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेज) तथा उच्च शिक्षा में हितधारकों की सहभागिता के बढ़ते महत्व को ध्यान में रखते हुए कंसोर्टियम फॉर एजुकेशनल कम्युनिकेशन (CEC) ने वर्ष 2026 के लिए एक आउटरीच कार्यक्रम की शुरुआत की है, जिसके तहत इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में CEC एवं उसकी विभिन्न पहलों के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ाना है। यह पहल CEC के MOOCs एवं अन्य डिजिटल शिक्षण कार्यक्रमों के व्यापक प्रसार, नामांकन एवं सहभागिता में वृद्धि तथा संस्थागत सहयोग और शैक्षणिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होगी।

कंसोर्टियम फॉर एजुकेशनल कम्युनिकेशन (CEC), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा स्थापित अंतर-विश्वविद्यालय केंद्रों में से एक है। इसकी स्थापना उच्च शिक्षा की आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से की गई थी। अपने 20 मीडिया केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से CEC, SWAYAM MOOCs के व्यवस्थित विकास तथा DTH चैनलों के लिए शैक्षिक सामग्री के निर्माण में सक्रिय रूप से कार्यरत है, जिससे उच्च शिक्षा तक व्यापक एवं समान पहुंच सुनिश्चित हो सके।

इस आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत CEC ने ईएमआरसी लखनऊ के सहयोग से बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के शिक्षकों के लिए MOOCs जागरूकता विषयक एक ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की। MOOCs पर CEC की प्रस्तुति के उपरांत ईएमआरसी लखनऊ के निदेशक प्रो. गोपाल सिंह ने अपने विचारोत्तेजक वक्तव्य के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया।

कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए MOOCs की प्रक्रिया, पाठ्यसामग्री के विकास की प्रक्रिया तथा जुलाई एवं दिसंबर सत्रों के लिए प्रस्तावित MOOCs कार्यक्रमों के संबंध में अनेक प्रश्न पूछे। कार्यशाला का समापन औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button