
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे को गत वर्ष 2025 के लिए स्वच्छता पखवाड़े के दौरान व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने और अधिक प्रभावी परिणाम प्राप्त करने पर स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कारों में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार भारतीय रेलवे ने वर्ष 2025 में दसवां स्वच्छता पखवाड़ा अत्यंत उत्साह और सभी रेलवे प्रतिष्ठानों और क्षेत्रीय इकाइयों की सक्रिय भागीदारी के साथ मनाया। इस आयोजन में स्वच्छता को बढ़ावा देने और स्वच्छता पहल में जनभागीदारी की भावना को सुदृढ़ करने के लिए भारतीय रेलवे में व्यापक भागीदारी देखी गई।
पखवाड़े के दौरान व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने और अधिक प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने के लिए, जल शक्ति मंत्रालय द्वारा प्रत्येक मंत्रालय के लिए स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कारों की स्थापना की गई है। ये पुरस्कार पखवाड़े के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रीय अधिकारियों, संबद्ध कार्यालयों और अधीनस्थ संगठनों को सम्मानित करते हैं।
दैनिक रिपोर्टों और प्राप्त अंतिम रिपोर्टों के मूल्यांकन के आधार पर और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से, निम्नलिखित तीन रेलवे प्रतिष्ठानों को स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिष्ठान घोषित किया गया है :
प्रथम स्थान : उत्तर पूर्वी रेलवे, द्वितीय स्थान : उत्तर पश्चिम रेलवे, तृतीय स्थान : दक्षिण पश्चिम रेलवे
