महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे द्वारा लखनऊ – वाराणसी रेल खण्ड का विंडो ट्रेलिंग एवं मध्य स्टेशनों का निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / वाराणसी : मंगलवार 14.04.2026 को महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे राजेश कुमार पांडेय एवं मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा मंडल के अन्य अधिकारियों के साथ लखनऊ–सुलतानपुर–वाराणसी-काशी रेल खण्ड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक द्वारा मार्ग में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों का गहन अवलोकन किया गया।

इस क्रम में उतरेटिया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर किये जा रहे निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके उपरांत निहालगढ़ एवं अढ़नपुर स्टेशनों के मध्य उप लाइन पर स्लीपर बदलने के कार्य का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति के संबंध में उपस्थित कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की गई। इसके पश्चात सुलतानपुर रेलवे स्टेशन एवं शिवपुर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण के अगले क्रम में महाप्रबंधक वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने न्यू फुट ओवर ब्रिज के प्रथम तल के समीप स्थित एसी वेटिंग हॉल का निरीक्षण किया। साथ ही बुकिंग कार्यालय, रेल कोच रेस्टोरेंट एवं सर्कुलेटिंग एरिया का भ्रमण कर यात्री सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपस्थित मीडिया कर्मियों एवं यूनियन के पदाधिकारियों से भेंट कर उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनीं। इसके उपरांत वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वाराणसी क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों तथा यात्री सुविधाओं के उन्नयन से संबंधित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई।

महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। तत्पश्चात महाप्रबंधक द्वारा काशी रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया, जहां अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया गया। यह निरक्षण गौरीगंज एवं बछरावाँ स्टेशनों पर देर शाम तक जारी रहा l

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/लखनऊ शूरवीर सिंह चौहान, अपर मंडल रेल प्रबंधक/वाराणसी बी. के. यादव, स्टेशन निदेशक/वाराणसी, अर्पित गुप्ता सहित निर्माण एवं गति शक्ति विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button