आईआईआरएफ रैंकिंग में बीबीएयू का विधि विभाग उप्र में अव्वल एवं देश में नौवें स्थान पर, प्रबंधन श्रेणी में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में 7वां स्थान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। विश्वविद्यालय के विधि विभाग ने देश के शीर्ष विधि संस्थानों में 9वीं रैंक प्राप्त कर उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही, केंद्रीय विश्वविद्यालयों की प्रबंधन श्रेणी में बीबीएयू ने देशभर में 7वीं रैंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रबंधन शिक्षा की सुदृढ़ता को प्रमाणित किया है। ज्ञातव्य हो कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों की समग्र श्रेणी में बीबीएयू को राष्ट्रीय स्तर पर 19वीं रैंक प्राप्त हुई है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आईआईआरएफ 2026 में विधि विभाग का उत्तर प्रदेश में प्रथम एवं देश में 9वाँ स्थान तथा केंद्रीय विश्वविद्यालयों की प्रबंधन श्रेणी में 7वीं रैंक प्राप्त करना विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव और संतोष का विषय है। यह उपलब्धि हमारे शिक्षकों की प्रतिबद्धता, विद्यार्थियों की मेहनत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, उत्कृष्ट शोध, नवाचार तथा संस्थागत विकास के लिए किए गए सतत प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अपनी अकादमिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

आईआईआरएफ रैंकिंग में संस्थानों का मूल्यांकन शिक्षण एवं अधिगम संसाधन, शोध की गुणवत्ता एवं प्रभाव, प्लेसमेंट, उद्योग एवं संस्थागत सहभागिता, करियर सहायता सेवाएँ, भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयारी तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया जाता है। इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बीबीएयू ने विभिन्न श्रेणियों में यह उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है।

वर्ष 1996 में स्थापित बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर है। आईआईआरएफ 2026 में विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। ये उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय की बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता, उत्कृष्ट शोध, नवाचार एवं संस्थागत विकास की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण हैं।

Related Articles

Back to top button