
अशोक यादव, लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) मुख्यालय में शुक्रवार को पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मिशन निदेशक पुलकित खरे ने मुख्यालय परिसर में पौधा रोपित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक उत्तरदायित्व बताते हुए प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन में जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि “ग्रीन ऑफिस, क्लीन ऑफिस” की अवधारणा केवल कार्यालय परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम के उपरांत मिशन निदेशक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ और हरित बनाए रखने का संकल्प लिया।