शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से उपमुख्यमंत्री मौर्य ने दिल्ली से झांसी तक का सफर किया तय

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / झांसी : शुक्रवार 19.06.2026, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार एक बार फिर अपनी सादगी और जनता के बीच रहने के अपने संकल्प का परिचय दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों और उनकी प्रेरणा का अक्षरशः पालन करते हुए, उपमुख्यमंत्री ने शुक्रवार दिल्ली से झांसी तक की यात्रा किसी विशेष वीआईपी कॉन्वॉय या हवाई मार्ग के बजाय आम जनमानस की पसंदीदा ट्रेन 12002 शताब्दी एक्सप्रेस से पूरी की।

उपमुख्यमंत्री जी ने कहा:

“आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और सादगी के मंत्र को आत्मसात करना हम सभी का कर्तव्य है। जनता के बीच रहकर जो फीडबैक और अपनापन मिलता है, वह अमूल्य है। आज शताब्दी एक्सप्रेस का यह सफर न सिर्फ सुखद रहा, बल्कि समाचार पत्रों के माध्यम से देश-प्रदेश की विकास यात्रा को और करीब से जानने का अवसर भी मिला।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा से यह स्पष्ट निर्देश रहा है कि जनप्रतिनिधियों को वीआईपी संस्कृति से दूर रहकर जनता के बीच रहना चाहिए और उनके अनुभवों को साझा करना चाहिए। इसी क्रम में, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शताब्दी एक्सप्रेस के चेयर कार में सफर किया।

सफर के दौरान उपमुख्यमंत्री पूरी तरह से सक्रिय नजर आए। उन्होंने यात्रा के समय का सदुपयोग करते हुए समाचारों का विस्तृत अध्ययन किया। देश और उत्तर प्रदेश की समसामयिक घटनाओं, विकास कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी के लिए उन्होंने समाचार पत्र की ख़बरों को गहराई से पढ़ा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक जागरूक जनप्रतिनिधि के लिए हर पल देश-दुनिया की हलचलों से अपडेट रहना बेहद जरूरी है।

झांसी स्टेशन पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों से मिले जिसके बाद वे अपने आगे के तय कार्यक्रमों के लिए रवाना हुए।

Related Articles

Back to top button